मेदिनीनगर: विगत 7 जनवरी को जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई गैंगवार मामले की जांच पलामू पुलिस ने तेज कर दी है। कई बड़े चेहरों को पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी में है। उल्लेखनीय है कि 7 जनवरी को जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के गरदा गांव में फिल्मी अंदाज में गैंगवार की घटना हुई थी।

जिसमें कुख्यात अपराधी भरत पांडे और दीपक साव मारे गए थें। दोनों कोयलांचल के इलाके के मोस्ट वांटेड अपराधी थे और उनकी कई अन्य आपराधिक गिरोहों के साथ उनकी वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। गैंगवार के दौरान, पांडे गिरोह से जुड़े कई लोगों, जिनमें डॉन विकास तिवारी भी शामिल था, के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले में कोयलांचल इलाके के कई नामी लोगों को पलामू पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था, पलामू पुलिस ने इस गैंगवार की जांच तेज कर दी है और कई नामी लोगों को रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। इस गैंगवार मामले में पुलिस कुख्यात सुनील धोबी उर्फ सुनील रजक और अमित साव को रिमांड पर लेगी।
दोनों को रिमांड पर लेने के लिए पुलिस ने अदालत में अर्जी दी है। अमित साव ने 22 सितंबर को पलामू अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। वहीं सुनील को 18 सितंबर को रामगढ़ से गिरफ्तार किया गया था।
चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों को रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है। भरत पांडे के पिता के आवेदन के आधार पर गैंगवार मामले में 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।