मेदिनीनगर : मंगलवार को नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) बिना किसी पूर्व सूचना या आधिकारिक नोटिस के बंद है। जिसे लेकर छात्रों में भारी आक्रोश नजर आया। उल्लेखनीय है कि सोमवार को विश्वविद्यालय में सत्र 2021 से 2024 तक के विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई थी। वहीं दीक्षांत समारोह के अगले ही दिन विश्वविद्यालय परिसर का मुख्य गेट बंद मिला, जिससे छात्र-छात्राएं परेशान हो उठे।

एनपीयू के अलावा मुख्यालय के जीएलए कॉलेज, महिला महाविद्यालय और जेएस कॉलेज भी बिना किसी नोटिफिकेशन के बंद नजर आए। दरअसल, बिहार में आयोजित STET व TRE 4.0 परीक्षा और झारखंड में होने वाली JET परीक्षा को लेकर बड़ी संख्या में परीक्षार्थी अपने प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे थें।
लेकिन कार्यालय बंद होने से वे निराश लौट गए। समाचार लिखे जाने तक कई छात्र मुख्य दरवाजे पर विश्वविद्यालय खुलने का इंतजार कर रहे थें। बताया जा रहा है कि दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के बंद होने से संबंध में अनाउंसमेंट किया गया था। हालांकि विश्वविद्यालय से सटे जीएलए कॉलेज कर्मियों को भी इसकी सूचना नहीं थी।

मंगलवार को जब कई कर्मी महाविद्यालय पहुंचे तो गेट पर ताला देखकर लौट गए। कमोबेश सभी महाविद्यालयों की यही स्थिति रही। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बिना किसी आधिकारिक घोषणा के अचानक अवकाश घोषित करना अनुचित है। उन्होंने विवि प्रशासन से ऐसी स्थिति से बचने के लिए अग्रिम सूचना जारी करें जिससे उन्हें कोई असुविधा न हो।