गढ़वा : मंगलवार देर रात सदर एसडीएम सह जेल सुपरिटेंडेंट संजय कुमार के नेतृत्व में गढ़वा जिला जेल में औचक छापेमारी एवं सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी वार्डों, बैरकों, कक्षों तथा अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की गई। टीमों को अलग-अलग हिस्सों में तैनात कर व्यापक तलाशी ली गई।
हालांकि जांच के क्रम में कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। सभी वार्डों में कैदियों की रजिस्टर अनुसार उपस्थिति एवं हर वार्ड की आंतरिक विधि व्यवस्था की भी जांच की गई। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि जेल की सुरक्षा एवं अनुशासन को बनाए रखने के लिए नियमित अंतराल पर ऐसे औचक निरीक्षण किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जेल में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता वाला विषय होता है। इसलिए ऐसे निरीक्षणों का उद्देश्य न केवल संभावित अनियमितताओं पर रोक लगाना है, बल्कि कैदियों के साथ मानवीय व्यवहार और जेल की मूलभूत व्यवस्थाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना भी है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में इस प्रकार की औचक छापेमारियों का सिलसिला जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, प्रतिबंधित वस्तु या अनुशासनहीनता की किसी भी संभावना को रोका जा सके।
मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीव मंडल, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं पुलिस बल, महिला एवं पुरुष दोनों, बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।