#Palamu: मेदिनीनगर के टेढ़वा पुल श्मशान घाट के पास से पुलिस ने गुरुवार की शाम एक नवजात बच्चे का कटा हुआ सिर बरामद किया है। यह डरावना दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग दहल उठे। पुलिस ने सिर को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि नवजात का धड़ अब भी लापता है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी है।सूत्रों के अनुसार, नवजात का सिर तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि बच्चे की किसी काली तंत्र-मंत्र के तहत बलि दी गई हो सकती है। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। धड़ की तलाश जारी है और एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही पुलिस आसपास के अस्पतालों का रिकार्ड खंगाल रही है कि हाल के दिनों में कितने बच्चों का जन्म हुआ है और वे बच्चे अभी कहां हैं।गौरतलब है कि इसी टेढ़वा श्मशान घाट से डेढ़ वर्ष पहले भी एक नवजात का शव बरामद हुआ था। फरवरी 2024 में मईया-बाबू अस्पताल से जुड़े उस मामले में भी गंभीर आरोप लगे थे। मनातू क्षेत्र की एक महिला प्रसव के बाद गंभीर हालत में रांची रेफर की गई थी। परिजनों का कहना था कि जब वे लौटे तो अस्पताल प्रबंधन ने उनके जीवित बच्चे को “मृत जन्म” बताकर श्मशान घाट में दफना दिया था। इसके बाद उग्र प्रदर्शन हुआ और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।उस घटना के बाद तत्कालीन नगर आयुक्त जावेद हुसैन ने मईया-बाबू अस्पताल को सील कर दिया था। अब उसी इलाके में फिर से नवजात का सिर मिलने के बाद शहर में दहशत और आक्रोश फैल गया है। पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है कि यह संयोग है या किसी बड़े रैकेट का सिरा ।।