गढ़वा : जिले के मझिआंव अंचल पदाधिकारी प्रमोद कुमार के आवास पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब उनकी पत्नी (श्यामा रानी) अपने भाईयों और परिजनों के साथ शनिवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे वहां पहुंचीं।

उन्होंने अपने पति पर दूसरी महिला के साथ रहने का आरोप लगाते हुये सीओ के आवास को बाहर से ताला बंद कर दिया और चारों ओर से घेराव कर दरवाजे पर बैठ गईं। सुबह होते-होते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और सीओ दंपती के बीच खिड़की से ही तीखी बहस होने लगी।

करीब छह घंटे तक चला यह हाईवोल्टेज ड्रामा तब थमा, जब सीओ की पत्नी के पिता (गया के पूर्व सांसद) रामजी मांझी मझिआंव पहुंचे। इसके बाद सभी थाना परिसर पहुंचे और श्यामा रानी ने गया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्णय लिया। इस बीच मझिआंव थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो और एएसआई कामेश्वर राम मौके पर पहुंचे।

बाहर से दरवाजा बंद पाकर सीओ प्रमोद कुमार सीढ़ी और बालकनी के रास्ते नीचे उतरने लगे, लेकिन वहां मौजूद पत्रकार सूर्यप्रकाश मेहता और पुलिसकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारा। वहीं जब दरवाजा खोला गया, तो सीओ आवास से 30 वर्षीय महिला जो कि पलामू जिले के चंदवा थाना क्षेत्र की निवासी है को बरामद किया गया।

महिला पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गढ़वा महिला थाना भेज दिया। इस दौरान सीओ प्रमोद कुमार ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया। मौके पर पूर्व सांसद रामजी माझी ने कहा कि सीओ जैसे प्रतिष्ठित पद पर रहते हुये प्रमोद कुमार को ऐसी हरकत नहीं करनी चाहिये थी।

इस संंबंध में सीओ की पत्नी श्यामा रानी ने बताया कि उनके पति का पहले भी एक महिला से अवैध संबंध था। उस महिला ने उनके खिलाफ मामला भी दर्ज कराया था, जिसे परिवार के प्रयासों से सुलझाया गया था। उन्होंने कहा इस बार सूचना मिलने पर मैं मझिआंव पहुंची और देखा कि मेरे पति एक महिला के साथ बेडरूम में हैं।

इसके बाद मैंने आवास पर ताला बंद कर दिया। जब पुलिस ने दरवाजा खोला, तो वह महिला चंदवा की मुस्कान शर्मा निकली।

सीओ की पत्नी की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है। जबकि सीओ प्रमोद कुमार ने अपनी पत्नी श्यामा रानी और अन्य तीन लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुये आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *