मेदिनीनगर : एक बार फिर से बेतला नेशनल पार्क विदेशी पर्यटकों को लुभाने लगा है। बेतला नेशनल पार्क में जर्मनी और यूनाइटेड किंगडम के पर्यटकों के पहुंचने का इतिहास रहा है। जिसमें इस बार फ्रांस का भी नाम जुड़ गया।

दरअसल, फ्रांस के पांच पर्यटक जेरार्ड पेलिसन, जोसेट डुप्लौय, क्रिस्टीन फ्रैंचेट, एनी डेलेले, वैलेंटे पेलिसन बेतला नेशनल पार्क घुमने के लिए पहुंचे। जहां उन्होंने जंगल सफारी का लुत्फ उठाया। इस दौरान फ्रांसीसी पर्यटकों ने हिरण, मोर, बायसन, हाथी, बंदर समेत कई वन्य जीवों को देखा और उन्हें नजदीक से जाना।

बेतला नेशनल पार्क के प्रबंधन के तरफ से उनके आगमन की जानकारी मिलने के बाद उन सभी सैलानियों का स्वागत किया गया। पांच पर्यटकों ने बेतला नेशनल पार्क में सफारी का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने पर्यटन नेशनल पार्क के डायरी में कुछ नोट्स भी लिखा।

फ्रांसीसी पर्यटकों ने नेशनल पार्क के जंगल सफारी की जमकर तारीफ की। कॉविड-19 के बाद यह पहली बार है जब बेतला नेशनल पार्क के इलाके में विदेशी पर्यटकों की टीम पहुंची।

कोविड से पहले जर्मनी के दो बेतला नेशनल पार्क के इलाके में पहुंचे थे। साल 2025 में अब तक 20 हजार से अधिक लोगों ने अब तक जंगल सफारी का आनंद लिया है. हालांकि यह डाटा सिर्फ बेतला नेशनल पार्क में जंगल सफारी करने वालों का है। इससे कई गुना अधिक पर्यटक बेतला नेशनल पार्क के इलाके में दाखिल हुए है।

पलामू किला, मंडल डैम, कमलदह, नेतरहाट और अन्य वाटरफॉल जाने वाले पर्यटकों का आंकड़ा इसमें शामिल नहीं है। उल्लेखनीय है कि बेतला नेशनल पार्क पश्चिम बंगाल के पर्यटकों का सबसे बडी़ पसंद है। बेतला नेशनल पार्क में आने वाले पर्यटकों में 70 प्रतिशत के करीब बंगाल के पर्यटकों का आंकड़ा है। इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और उत्तर भारत से भी पर्यटक इलाके में पहुंचते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *