चतरा: झारखंड राज्य की स्थापना के 25वें वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम श्रृंखला का आज जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम चतरा में भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा एवं गुरूजी शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

इस अवसर पर सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, उपायुक्त श्रीमती कीर्तिश्री जी, पुलिस अधीक्षक श्री सुमित कुमार अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं हजारों की संख्या में उपस्थित आमजन ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ बनी आकर्षण केंद्र
जिले के विद्यालयों के बच्चों द्वारा नृत्य, गायन, नाटक और स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा अधिसूचित पर्यटक स्थलों पर आधारित फिल्म तथा लोकसेतु पोर्टल पर निर्मित फिल्म को भी लोगों ने विशेष रूप से सराहा।
सम्मान एवं पुरस्कार वितरण
झारखंड आंदोलनकारियों एवं लाभुकों को सम्मानित किया गया। साथ ही रन फॉर झारखंड, साइकिल रैली, चित्रांकन, रंगोली, वाल पेंटिंग और विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र व पुरस्कार प्रदान किए गए। विभागों द्वारा अनेक योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र एवं परिसंपत्तियों का भी वितरण किया गया।
उपायुक्त कीर्तिश्री का संबोधन
उपायुक्त ने झारखंड की अस्मिता, संस्कृति और विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि 15 नवंबर केवल एक समारोह नहीं, बल्कि हमारी पहचान और संघर्ष का प्रतीक है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आजीविका, आधारभूत संरचना और समावेशी विकास से संबंधित जिले की उपलब्धियों को भी रेखांकित किया।
उपायुक्त ने सभी जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, मीडिया एवं चतरा वासियों का आभार व्यक्त करते हुए जिले को समावेशी विकास के मार्ग पर आगे ले जाने का संकल्प दोहराया।