लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले में हाथियों के झुंड के उत्पात का मामला प्रकाश में आया है। जहां लगभग 25-30 हाथियों के झुंड ने फसलों को रौंदा, मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया वहीं मकान में रखे चावल भी खा गए। मामला चैनपुर प्रखंड के सलतुवा के लोभरवा टोले का है। जहां हाथियों के झुंड ने दो एकड़ में लगी धान व मक्के की फसल रौंद दिया। आठ घंटे तक चार भाइयों के परिवार की जान हलक में अटकी रही।

जब शुक्रवार की सुबह पांच बजे हाथी जंगल की ओर गए, तब राहत मिली। हाथियों द्वारा शिवव्रत सिंह की फसल को ज्यादा नुकसान पहुंचाया गया है। उनके अलावा उनके भाई सरयू सिंह, प्रभु सिंह, और शंकर सिंह की फसल को भी नष्ट कर दिया गया है। वहीं सूचना मिलने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि सलतुवा के लोभरवा टोले में करसो केल्हार की ओर से गुरुवार की रात 25-30 की संख्या में हाथियों का एक झुंड पहुंचा और शिवव्रत सिंह और उनके भाई की फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू किया। हाथियों की संख्या ज्यादा रहने और झुंड में बच्चों के रहने पर ग्रामीणों ने खतरा भांपते हुए कोई हलचल नहीं की। बिजली बुझा दी गई और सारे लोग घर के बीच वाले कमरे में दुबक गए।

रात के 10 बजे से सुबह के 5 तक हाथियों ने खेत में जमकर उत्पात मचाया। वहीं 1 एकड़ में लगी धान की फसल और एक एकड़ में लगी मकई की फसल को नष्ट कर दिया। इसके अलावा मकान को भी नुकसान पहुंचाया। मकान में रखा हुआ तीन बोरा चावल भी खा गए। घटना की पुष्टि चैनपुर क्षेत्र के रेंजर अजय कुमार ने की है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी हेतु टीम घटनास्थल भेजी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *