गढ़वा : जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां बंशीधर नगर- फोरलेन मार्ग पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गरनाहा गांव निवासी 33 वर्षीय ननहक कुमार राम की मौत हो गई। घटना मेड़ना गांव के पास हुई जब युवक लापो की ओर जा रहे थें । सड़क पार करने के दौरान अज्ञात चारपहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ननहक कुमार राम अपने घर से लापो की ओर निकले थे। जैसे ही उन्होंने फोरलेन सड़क पार करने की कोशिश की, उसी समय तेज रफ्तार से आ रहा अज्ञात वाहन उनसे टकरा गया। घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। ग्रामीण तुरंत उन्हें देखने पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।