लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद अपराधी फरार हो गए। मृतक की पहचान हैदरनगर थाना क्षेत्र के बहेरवाखाड़ गांव के 45 वर्षीय इमामुदीन अंसारी के रूप में हुई है। हत्या से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गयी। इधर घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।


दरअसल, शुक्रवार को इमामुद्दीन हैदरनगर मस्जिद से जुमा की नमाज अदा करने के बाद मुख्य बाजार स्थित प्रमोद मेडिकल हॉल और जगदंबा कॉप्लेक्स के समीप किराना दुकान से सामान लेने जा रहे थें। इसी दौरान अपराधियों ने इमामुद्दीन अंसारी से कहा कि तुम हीरो बनते हो। यह कहकर उन्होंने पिस्टल निकाली और चार गोलियां दाग दीं। गोली उसके पेट और अन्य जगहों पर लगी है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी पैदल हैदरनगर रेलवे गुमटी की तरफ भाग निकले।

वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गयी। लोगों ने तत्काल घायल युवक को एक ठेले पर लिटाकर हैदरनगर पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना पर हैदरनगर थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। घटनास्थल के पास से पुलिस ने दो कारतूस का खोखा बरामद किया है।

इस संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इमामुद्दीन अंसारी और उनके गांव के अब्बास अंसारी पैदल आ रहे थें। इसी क्रम में अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए। अपराधी भी बाजार में पैदल ही पहुंचे थे और हत्या कर पैदल ही भाग निकले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *