LIVE PALAMU NEWS DESK : अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा और मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना को सरकार ने मर्ज कर इसे और अधिक सशक्त और आसान बनाने की कवायद शुरू कर दी है। अब इन दोनों योजनाओं को एकीकृत कर लाभुकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। अब इसके तहत लाभुक हर साल 15 लाख रुपये तक की राशि का इलाज करा सकेंगे।

गौरतलब है कि पहले मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना में एक व्यक्ति या परिवार को जीवन भर के लिए कुल 20 लाख रुपये का इलाज मिलता था, जिसमें 10 लाख रुपये तक स्वास्थ्य विभाग की मंजूरी पर और बाकी राशि के लिए कैबिनेट की मंजूरी जरूरी होती थी। नई व्यवस्था से यह प्रक्रिया सरल और तेजी से काम करने वाली होगी।
सीएम हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया कि मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत सूचीबद्ध सभी बीमारियों का इलाज अबुआ स्वास्थ्य योजना में शामिल किया जाएगा।