मेदिनीनगर : सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की पलामू इकाई ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय (एनपीयू) के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजीत सेठ को छात्रहित से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के माध्यम से परिषद ने वर्ष 2026 का परीक्षा कैलेंडर अविलंब जारी करने, लंबित परीक्षाओं को शीघ्र संपन्न कराने तथा परीक्षा केंद्र निर्धारण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।

एबीवीपी ने मांग की कि बीएससी नर्सिंग सेमेस्टर-6 (सत्र 2022–26) एवं सेमेस्टर-4 (सत्र 2023–27) की परीक्षाओं के केंद्र केवल अंगीभूत महाविद्यालयों में ही निर्धारित किए जाएं। इसके साथ ही अविराम नर्सिंग कॉलेज, (चंदवा) के विद्यार्थियों के लिए लातेहार जिले के किसी अंगीभूत महाविद्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए जाने की भी मांग रखी गई।

इस अवसर पर एबीवीपी के राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक मंजुल शुक्ल ने कहा कि निजी महाविद्यालयों में परीक्षा आयोजित होने से छात्रों को अनावश्यक शुल्क, अव्यवस्था और पारदर्शिता की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

अंगीभूत महाविद्यालयों में परीक्षा केंद्र होने से प्रशासनिक नियंत्रण बेहतर रहता है और छात्रों को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित वातावरण मिलता है। प्रदेश सह मंत्री अभय वर्मा ने बताया कि परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजीत सेठ ने परिषद की मांगों को गंभीरता से सुना और इस पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आश्वासन दिया।

उन्होंने भविष्य में परीक्षा केंद्र निजी महाविद्यालयों के बजाय अंगीभूत महाविद्यालयों में ही निर्धारित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। मौके पर विभाग संयोजक रामाशंकर पासवान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उत्कर्ष तिवारी, नगर मंत्री किसलय दुबे सहित आशीष, अनुराग, राजन, कमलेश, सुरेश एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *