LIVE PALAMU NEWS DESK : एसीबी (ACB) ने झारखंड शराब घोटाला मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार की सुबह दुमका में विनय चौबे के करीबी व्यवसायी श्रवण जालान के एक करीबी रिश्तेदार नवीन पटवारी के आवास पर छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार, नवीन पटवारी और उनके तीन भाई इसी आवास में रहते हैं। कार्रवाई के दौरान पटवारी के आवास के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बल तैनात है और आवास के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है। सुरक्षा इतनी सख्त है कि मीडियाकर्मियों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने भी किसी भी तरह की जानकारी देने से इनकार कर दिया है। उल्लेखनीय है कि विनय चौबे के करीबी और रांची के चर्चित व्यवसायी श्रवण जालान के घर व ऑफिस में एसीबी ने सोमवार को छापेमारी की थी।

इस दौरान एसीबी को अलग-अलग कंपनी के दो-तीन मोबाइल फोन और जमीन से संबंधित दस्तावेज के अलावा कुछ डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। एजेंसी फिलहाल मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य को खंगालने में जुटी है। छापेमारी के दौरान श्रवण जालान अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। जब तक रेड चलती रही, तब तक वह अपने घर और कार्यालय नहीं आए। संभावना है कि एसीबी जल्द ही श्रवण जालान को पूछताछ के लिए समन जारी करेगी।

एसीबी को इस बात की जानकारी मिली है कि विनय चौबे ने अपनी अवैध कमाई का एक बड़ा हिस्सा श्रवण के माध्यम से अलग-अलग जगहों पर इन्वेस्ट किया है।

बता दें कि इससे पहले एसीबी की टीम ने रविवार को विनय चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता से 10 घंटे तक पूछताछ की थी। साथ ही विनय चौबे के करीबी विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश में बिहार के लखीसराय में भी एजेंसी ने छापेमारी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *