लाइव पलामू न्यूज: पुलिस ने पलामू से चोरी बीड़ी पत्ता के खरीददार को गिरफ्तार किया है। मेदिनीनगर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवघर जिला अंतर्गत मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ गांव निवासी अशरफ हुसैन (40 वर्ष) पिता मकबूल शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 49 बोड़ा बीड़ी पत्ता भी बरामद किया है। हालांकि चोरी करने वाले कोई आरोपी अब तक पुलिस पकड़ में नहीं आ पाए हैं।
बताते चलें कि 10 सितंबर को हेरिटेज स्कूल के पीछे भाग-05 गोदाम से 1400 बोरा बीड़ी पत्ता चोरी का मामला सामने आया था। इस संबंध में बीड़ी पत्ता के मालिक शहर थाना क्षेत्र के दो नंबर टाउन ओल्ड इनकम टैक्स बिल्डिंग के सामने रहने वाले अमन जलाल के द्वारा प्राथमिकी की दर्ज कराई गई थी।
अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आया कि चोरी का बीड़ी पत्ता देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ निवासी अशरफ हुसैन ने करीब 10 लाख में खरीदा है। जब सदर थाना पुलिस ने छापेमारी की तो अशरफ हुसैन के ठिकानों से 49 बोड़ा बीड़ी पत्ता बरामद हुआ। जिसके बाद उसे गिरफ्तार करके मेदिनीनगर लाया गया और फिर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।