लातेहार : जिले से बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां महुआडांड़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग आदिवासी लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुष्कर्म के सभी पांच आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों में तीन नाबालिग लड़के भी शामिल हैं।
इस बाबत महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। जहां दोनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
क्या है मामला:
दरअसल, महुआडांड़ थाना क्षेत्र निवासी एक लड़की गांव में एक शादी समारोह में आई थी। इसी थाना क्षेत्र के पांच लड़के भी बाराती के रूप में शादी समारोह में गए थें। इसी दौरान शनिवार सुबह 3:00 से 4:00 के बीच पांचों आरोपियों ने नाबालिग लड़की को अगवा कर जंगल ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
इधर किसी प्रकार से पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की सूचना दी। जिसके बाद लड़की के परिजन थाना पहुंचे और इस संबंध में लिखित शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी पांच आरोपियों को चिन्हित कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि तीन अन्य नाबालिक आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।