CRIME NEWS/ मेदिनीनगर : पलामू पुलिस ने ओडिशा के बलांगिर से लड़की से दुष्कर्म कर फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पलामू की लड़की को आरोपी ने सबसे पहले अपने प्रेम जाल में फंसाया, फिर उसका अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने लड़की का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पलामू के हुसैनाबाद थाना में 9 दिसंबर को एक लड़की ने शिकायत की थी कि उसका अपहरण कर उसके साथ प्रेमी ने दुष्कर्म किया है। इतना ही नहीं आरोपी ने दुष्कर्म की घटना का वीडियो भी वायरल किया। पुलिस ने पूरे मामले में स्पेशल टीम गठित कर छापेमारी शुरू की।
जांच में पता चला कि दुष्कर्म का आरोपी विजय धरुआ, ओडिशा के बलांगिर निवासी है। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी विजय धरुआ, तेलंगाना के महबूबनगर में छिपा हुआ है। जिसके आलोक में पुलिस ने सबसे पहले तेलंगाना के महबूबनगर में छापेमारी की, लेकिन वहां आरोपी नहीं मिला।
जिसके बाद पलामू पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी ओडिशा के बलांगिर के मोरीबहाल में अपनी बहन के पास छिपा है। जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी लगातार लड़की को ब्लैकमेल कर रहा था और दुष्कर्म की घटना का वीडियो वायरल कर रहा था।
मोहम्मद याकूब, एसडीपीओ हुसैनाबाद
बता दें कि आरोपी विजय एवं लड़की के बीच नौकरी करने के दौरान जान पहचान हुई थी। जिसके बाद दोनों में प्रेम संबंध हुआ। जिसके बाद दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था।