लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले में स्थानीय प्रशासन मतदाताओं को मतदान के लिए लगातार प्रेरित कर रही है। स्वीप कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। जिससे मतदाता संबंधित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर मतदान करें।

इसी क्रम में बुधवार को 78-छतरपुर निर्वाचन क्षेत्र के पाटन प्रखंड अंतर्गत कसवाखांड़ पंचायत के होमिया गांव में प्रशासनिक महकमा पहुंचा। जहां उन्होंने गांव में रह रहे विलुप्त प्राय परहिया जनजातियों को मतदान के लिए प्रेरित-जागरूक किया। स्वीप कार्यक्रम के तहत गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय होमिया में अवस्थित मतदान केंद्र संख्या 276 के मतदाताओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त शशि रंजन ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उपायुक्त ने मतदाताओं से 13 नवंबर को मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकार है और इसमें सभी को भागीदार बनना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मतदान के दिन सभी मतदाता अपने-अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचे और मतदान करें। साथ ही दूसरे मतदाताओं को भी मतदान करने हेतु प्रेरित करें। शासन-प्रशासन के वरीय पदाधिकारियों को अपने बीच देखकर यहां के लोग काफी उत्साहित थें। इस दौरान सभी ने मतदान करने की शपथ ली।

कार्यक्रम में उपायुक्त के अलावा नगर आयुक्त जावेद हुसैन, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार झा, अंचल अधिकारी, सदर एसडीपीओ, नावा जयपुर के थाना प्रभारी आदि उपस्थित थें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *