गढ़वा : बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश कुमार यादव ने जिले के तीनों CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (बालिका उच्च विद्यालय, रामा साहू +2 उच्च विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, संसाधनों का उपयोग, छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन एवं विद्यालय परिसर की साफ-सफाई सहित अन्य की समीक्षा की गई।

उन्होंने निरीक्षण की शुरुआत बालिका उच्च विद्यालय, गढ़वा से की। जहां उपायुक्त ने प्रभारी प्राचार्य से शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कंप्यूटर लैब, साइंस लैब व कक्षाओं का अवलोकन किया और स्वयं विद्यार्थियों को एक पाठ पढ़ाकर शिक्षण की गुणवत्ता परखा। साइंस लैब में प्रयोगात्मक गतिविधियों की कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उ उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु सभी शैक्षणिक गतिविधियाँ नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया।

तत्पश्चात वे रामा साहू +2 उच्च विद्यालय पहुंचे जहां विज्ञान प्रयोगशाला का समुचित उपयोग नहीं हो रहा था। उपायुक्त ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं का उद्देश्य छात्रों का मानसिक एवं शारीरिक विकास है, अतः उनका पूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मध्याह्न भोजन की भी जांच की, जो निर्धारित मीनू के अनुसार संतोषजनक पाया गया।

अंत में वे कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पहुंचे। जहां निरीक्षण के क्रम में उन्होंने यह पाया कि झारखंड बालिका विद्यालय, डंडा की छात्राएं भी इस विद्यालय में पढ़ रही हैं, जिससे कक्षाओं में भीड़ की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज को निर्देश दिया कि डांडा विद्यालय के अधूरे भवन कार्य को शीघ्र पूर्ण कर छात्राओं को उनके विद्यालय में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।

इस दौरान डीसी ने कक्षा में बैठकर छात्राओं से संवाद किया, उन्हें करियर संबंधी मार्गदर्शन दिया तथा शिक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। छात्रावास की साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई, लेकिन नई हॉस्टल यूनिट का हस्तांतरण संवेदक द्वारा न किए जाने के कारण छात्रावास में भीड़ की स्थिति देखी गई। इस पर उपायुक्त ने शीघ्र हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *