लातेहार: गुरुवार देर रात जंगली हाथी ने जिले के चंदवा थाना अंतर्गत माल्हन भंडार टोली गांव में एक व्यक्ति को कुचल कर मार डाला। मृतक की पहचान टिभरू गंझू के रूप में हुई है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया है।

क्या है मामला :
बताया जा रहा है कि टिभरू गंझू रात में अपने घर में सोया हुआ था। देर रात वह शौच करने के लिए अपने घर से बाहर निकला। घर के बाहर एक पेड़ के पास हाथी खड़ा था। उसे देखते ही हाथी ने उसपर हमला कर दिया। टिभरू गंझू हल्ला मचाते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन हाथी ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
महिला ने भागकर बचाई जान :
किसी प्रकार टिभरू गंझू की पत्नी किसी प्रकार जान बचाकर वहां से भागने में सफल रही। इधर घटना की सूचना पर रेंजर नंद कुमार महतो के नेतृत्व में वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची व स्थिति का जायजा लिया। रेंजर ने मुआवजा के रूप में तत्काल मृतक की पत्नी को 40 हजार रुपए दिए। जब कि शेष 3 लाख 60 हजार रुपए कागजी प्रावधान पूरी होने के बाद दिए जाने का आश्वासन दिया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया।
अपने घर के आसपास किसी भी व्यक्ति को शराब न बनाने दें। अधिकारी ने कहा कि ग्रामीण अपने घर में महुआ का शराब बिल्कुल ना रखें. क्योंकि हाथी को महुआ और महुआ के शराब का गंध मिल जाता है। जिसे सूंघकर हाथी आ जाता है।
नंद कुमार महतो, रेंजर
हाथियों के लिए सुरक्षित इलाका बना माल्हन :
बता दें कि जिले के माल्हन के इलाके में पिछले कई वर्षों से हाथियों का झुंड जमा है। कुछ दिन पहले भी हाथी ट्रेन की चपेट आया था। इस इलाके में हाथी अक्सर लोगों के जान माल को नुकसान पहुंचाते हैं।