लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां मनातू थाना क्षेत्र के डुमरी के सिकदा गांव में भैस दूहकर लौट रहे एक व्यक्ति की रस्सी से गला दबाकर हत्या कर शव को फंदे से टांग दिया गया। जिससे लोगों को लगे कि व्यक्ति ने सुसाइड किया है। मृतक की पहचान संबोधी यादव( 65वर्ष )के रूप में हुई है। फंदे पर टंगे वृद्ध के दोनों हाथ बिजली के तार से बंधे हुए थे। घटना मंगलवार अहले सुबह की है। घटनास्थल के पास वृद्ध का जूता, कपड़े समेत अन्य सामान बिखरे पड़े थें।

दरअसल, मृतक के गोतिया परिवार के साथ भूमि विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसलिए ही वृद्ध की हत्या की गई है। इधर घटना की सूचना पर लेस्लीगंज एसडीपीओ मनोज कुमार झा, इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी निर्मल कुमार उरांव मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटना की जांच डॉग स्क्वाड से कराने की कोशिश की, लेकिन मामले में तत्काल सफलता नहीं मिली। एसडीपीओ ने कहा कि प्रथम दृष्टया हत्या है। हत्या के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया। पूरे मामले में जांच तेज की गयी है। परिवार के बयान पर एफआइआर दर्ज कर जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

इस संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि मंगलवार अहले सुबह संबोधी यादव घर से आधा किलोमीटर दूर पाही पर भैस दूहने गए थें। वहां से लौटने के क्रम में उनके साथ घटना घटी है। हत्या से पहले संबोधी यादव के साथ मारपीट भी की गई है। उनके कपड़े बिखरे पड़े थे। घटना से पहले हत्यारों ने संबोधी के घर के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया था, ताकि आवाज सुनकर परिजन बाहर नहीं निकल सके।

घर पर चार बेटों में से एक पुत्र रविन्द्र था। सुबह में जब रविन्द्र घर का दरवाजा खोलने लगा तो बाहर से बंद पाया। आवाज देने पर बगल के लोगों ने दरवाजा खोला। दरवाजा बाहर से बंद रहने पर रविन्द्र को अनहोनी का संदेह हुआ। उसने अपने पिता की खोजबीन की तो घर से कुछ दूर पाही पर फंदे से लटका पिता का शव देखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *