चतरा: जिले में संचालित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा–2026 एवं इंटरमीडिएट परीक्षा–2026 के सुचारू, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त कीर्तिश्री, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने परीक्षा केंद्र राज्य संपोषित बालिका उच्च विद्यालय, चतरा का निरीक्षण किया।

बता दें कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा–2026 का आयोजन 3 फरवरी से 17 फरवरी 2026 तक प्रथम पाली (पूर्वाह्न 09:45 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक) किया जा रहा है। जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय) का आयोजन दिनांक 03 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक द्वितीय पाली (अपराह्न 02:00 बजे से 05:15 बजे तक) निर्धारित है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, कदाचार नियंत्रण उपायों, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षार्थियों की सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित कर्मियों को राज्य स्तर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा संदीप सुमन, नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।