LIVE PALAMU NEWS DESK : विगत मंगलवार को बालू खुदाई के दौरान झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के सीमावर्ती बहरागोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत पानीपड़ा स्थित स्वर्णरेखा नदी में रहस्यमयी बम मिला था। इसके मद्देनजर अब सेना की मदद ली जाएगी। बरामद बम पर ‘एएन-एम64’ मॉडल अंकित है और उस पर मेड इन अमेरिका लिखा हुआ है।

बता दें कि बम मिलने की सूचना ग्रामीणों ने प्रशासन को दी थी। बावजूद इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। दो दिन बाद गुरुवार को रांची से पहुंची बम निरोधक दस्ता ने प्रारंभिक जांच के बाद पुष्टि किया कि यह एक शक्तिशाली बम है।

दस्ता प्रभारी नंदकिशोर सिंह ने बताया था कि बरामद बम आकार में बड़ा और अत्यंत घातक है। जिसका वजन लगभग 227 किलो वजन है। इसकी संवेदनशीलता को देखते हुए इसे सामान्य तरीके से निष्क्रिय करना संभव नहीं है। इसे सुरक्षित ढंग से निष्क्रिय करने के लिए उच्च स्तरीय तकनीकी विशेषज्ञता की आवश्यकता है, जो केवल भारतीय सेना के पास उपलब्ध है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने बम मिलने वाले क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया है।

साथ ही आसपास के ग्रामीणों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे उस स्थान के निकट न जाएं और किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ से बचें। गौरतलब है कि लगभग सात माह पूर्व पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आशुई के निकट भरमपुर गांव के समीप स्वर्णरेखा नदी में इसी प्रकार का एक बम मिला था।

उस समय पश्चिम बंगाल प्रशासन द्वारा कोलाईकुंडा एयर फोर्स के अधिकारियों की मदद से उसे सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया गया था। अब प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार अब इस बम को डिफ्यूज करने के लिए सेना को पत्र लिखा जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *