लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: मंगलवार को गुड गवर्नेंस सप्ताह के तहत अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने मेराल प्रखंड की तेनार पंचायत की आदिवासी बहुल बस्ती बगही टोला में चौपाल लगा कर जन समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। चौपाल में एसडीओ ने मुखिया तथा पूर्व मुखिया दोनों को बुलाया था जिससे कि कल्याणकारी योजनाओं की धरातलीय स्थिति की सही तस्वीर सामने आ सके।

एसडीओ ने चौपाल में आए स्थानीय नागरिकों से आंगनवाड़ी, मिड डे मील, पीडीएस वितरण, चापानल, हाउसहोल्ड शौचालय उपलब्धता, सरकारी स्कीमों जैसे मईया योजना, अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना आदि के बारे में जानकारी ली। वहीं जो किसी कारणवश पात्र होते हुए भी इन योजनाओं के लाभ से वंचित रह गये उनकी जानकारी ली। वहीं संवाद के क्रम में बात सामने आई कि कुछ लोगों को जाति प्रमाण पत्र या दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनवाने में दिक्कत हो रही है,प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण वे पेंशन योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। वहीं कई अन्य योजनाएं भी हैं जिसका लोगों को लाभ नहीं मिल रहा है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी को आश्वस्त किया कि उनकी बस्ती में ही कैंप लगाकर उनकी इन समस्याओं को दूर किया जाएगा। उन्होंने मुखिया मंदीप सिंह को भी निर्देशित किया कि वे छोटी-मोटी जन समस्याओं को दूर करने तथा लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में मदद करते रहें। वहीं मेराल के प्रखंड विकास पदाधिकारी सतीश भगत को उन्होंने निर्देश दिया कि वे एक सप्ताह के अंदर अपनी देखरेख में संबंधित पदाधिकारियों/ कर्मचारियों को इस बस्ती में भेज कर कैंप लगवा कर जन समस्याओं को दूर करने का प्रयास करें तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के जो छूटे हुये पात्र और इच्छुक लाभुक हैं उनके आवेदन पत्र भरवाने की प्रक्रिया पूरी करवायें।
चौपाल में मुखिया मंदीप सिंह, पूर्व मुखिया रामचंद्र गुप्ता के अलावा अशोक राम, पारसनाथ सिंह, उदय सिंह, बलकेश विश्वकर्मा, गिरधारी सिंह, सरस्वती देवी, लालती देवी, सुशील कुमार, अमिता देवी, नीलम कुमारी, रागिनी कुमारी, लाजवंती देवी, सुंदरी देवी, अंकिता कुमारी समेत अन्य लोग उपस्थित थें।