αलाइव पलामू न्यूज: रविवार देर शाम हजारीबाग पुलिस ने हजारीबाग के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उन पर अपनी पत्नी को जला कर मारने का आरोप है। लंबे समय से वे फरार चल रहे थें। उल्लेखनीय है कि 26 दिसंबर 2024 को तत्कालीन सदर एसडीओ अशोक कुमार की पत्नी अनिता देवी गंभीर रूप से झुलस गयी थीं। उनका इलाज रांची के देवकमल अस्पताल में चल रहा था, जहां उनकी मौत हो गयी।

भाई ने दर्ज करवाई थी प्राथमिकी:-
अनीता देवी के निधन के बाद उनके भाई राजू कुमार गुप्ता ने लोहसिंघना थाने में बहन के ससुराल वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया था। राजू ने आरोप लगाया था कि उनकी बहन को जलाने में अशोक कुमार और उनके परिवार के सदस्य शामिल थें।मामले की जांच हेतु एसआईटी गठित की गयी है। इसके साथ ही टीम को मामले की जांच करने और छापेमारी अभियान चलाकर अभियुक्त को गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया था।
पिता को पुलिस ने पहले ही किया था गिरफ्तार:-
बताते चलें कि शनिवार को पूर्व एसडीओ अशोक कुमार के पिता दुर्योधन साव को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूर्व एसडीओ की पत्नी को जलाकर मारने के आरोप में पूर्व एसडीओ के पिता भी नामजद अभियुक्त हैं।
बताया जा रहा है कि पूर्व एसडीएम अशोक कुमार अब भी सरकारी कार्यालयों में छुट्टी के लिए आवेदन दे रहे थें। ताजा मामला 25 जनवरी को सामने आया था, जब उन्होंने कार्मिक विभाग में इलाज के लिए 26 जनवरी से 26 मार्च तक का अवकाश मांगा था। इसमें यह उल्लेख किया गया था कि उन्होंने पत्नी के श्राद्धकर्म और इलाज के लिए पहले भी अवकाश लिया था।