गढ़वा : जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को हाई स्कूल, कल्याणपुर में छात्रों के बीच सड़क सुरक्षा को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा प्रबंधक संजय बैठा और विनय रंजन तिवारी के नेतृत्व में रोड सेफ्टी टीम द्वारा छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उन्हें सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को बताया गया कि सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य है। मोबाइल फोन का वाहन चलाते समय प्रयोग पूर्णतः वर्जित है, क्योंकि यह दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनता है। इसके अलावा, ‘हिट एंड रन’ तथा ‘गुड सेमेरिटन’ कानूनों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

गुड सेमेरिटन योजना के अंतर्गत बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचाता है, तो उसे पाँच हजार रुपये तक की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। साथ ही, अस्पताल में घायल को पहुंचाने वाले व्यक्ति को अपना नाम दर्ज कराना आवश्यक होगा ताकि चिकित्सक प्रमाणित कर सकें कि मदद किसने की। इसके आधार पर उस व्यक्ति को दो हजार रुपये एवं प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सड़क हादसों में मृत्यु दर को कम करने और लोगों को संवेदनशील बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा संशोधित अधिनियम के तहत व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। हिट एंड रन मामलों में अज्ञात वाहन से दुर्घटना होने पर मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये तथा गंभीर रूप से घायल होने पर पचास हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

इस अवसर पर रोड सेफ्टी टीम ने छात्रों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पुस्तिकाएं और पैंफलेट भी वितरित किए ताकि वे और उनके परिवार इस विषय पर और अधिक जानकारी प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *