मेदिनीनगर : पलामू जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों के विद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन अभियानों का उद्देश्य स्कूली बच्चों एवं आम नागरिकों को नशा के दुष्परिणामों से अवगत कराना एवं नशा के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाना था।

इस क्रम में सदर थाना अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित बालिका उच्च विद्यालय, चियाकी; पाटन थाना अंतर्गत राजकीय +2 उच्च विद्यालय, पाटन; पांकी थाना अंतर्गत राजकीय बुनियादी विद्यालय, पांकी; लेस्लीगंज थाना अंतर्गत राजकीयकृत मध्य विद्यालय, लेस्लीगंज और नवाजयपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के बच्चों के साथ प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली निकाली गई।
इन कार्यक्रमों में बच्चों द्वारा हाथों में स्लोगन लिखे तख्तियों के माध्यम से आम नागरिकों को नशा से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में नौगढ़ा ओपी अंतर्गत आर.के. +2 उच्च विद्यालय, लालगढ़ के छात्रों द्वारा साइकिल रैली निकाली गई, जिसमें स्थानीय लोगों को भी नशा मुक्ति हेतु प्रेरित किया गया।
वहीं हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में विशेष मादक पदार्थ विरोधी जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।
यह समग्र अभियान नशे के विरुद्ध एक मजबूत सामाजिक संदेश देने का प्रयास है, जिसमें स्कूली बच्चों की भागीदारी ने इसे और अधिक प्रभावशाली बनाया।
पलामू पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे नशे से दूर रहें, दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराएं और एक स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज निर्माण में सहयोग करें।