LIVE PALAMU NEWS DESK : आंध्र प्रदेश पुलिस ने बिहार फायर सर्विसेज के IG सुनील कुमार नायक को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आंध्र प्रदेश पुलिस की टीम उनके ठिकाने पर पहुंची और दस्तावेजों की जांच की और फिर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उक्त गिरफ्तारी आंध्र प्रदेश में 2021 में हुए एक पुराने विवाद में की गई है। मामले की जांच दोबारा शुरू होने के बाद कार्रवाई तेज हुई है।

कौन हैं सुनील कुमार नायक :
सुनील कुमार नायक बिहार कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वे बिहार में आईजी (फायर सर्विसेज) के पद पर तैनात हैं। 2019 में वे प्रतिनियुक्ति पर आंध्र प्रदेश गए थे। जहां उन्होंने डीआईजी, सीआईडी के रूप में कार्य किया और कई संवेदनशील मामलों की निगरानी की।
क्या है मामला :
विवाद की जड़ वर्ष 2021 का एक हाईप्रोफाइल केस है। जिसमें तत्कालीन सांसद रघु राम कृष्ण राजू को राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मामले में राजू ने आरोप लगाया कि हिरासत के दौरान उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई।
उस समय सुनील नायक आंध्र प्रदेश में सीआईडी में पदस्थापित थें। जुलाई 2024 में सत्ता परिवर्तन के बाद मामले ने नया मोड़ लिया। राजू की शिकायत पर तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी सहित कई अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
जिसमें सीआईडी और खुफिया विभाग के शीर्ष अधिकारियों के नाम भी शामिल किए गए। सुनील नायक की भूमिका को लेकर भी जांच तेज हुई।