लाइव पलामू न्यूज/गढ़वा: एसडीओ संजय कुमार ने गोविंद विद्यालय के टाउन हॉल मैदान में मेला और प्रदर्शनी जैसे बड़े वाणिज्यिक आयोजनों पर रोक लगा दी है। हाल ही में कई संस्थाओं ने इस मैदान में मेला और प्रदर्शनी आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। जिसे एसडीओ ने अस्वीकृत करते हुए अगले आदेश तक इस तरह के आयोजनों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर दिया है।

एसडीओ ने कहा कि यह मैदान स्कूली बच्चों और स्थानीय खेल क्लबों के लिए उपयोगी है। वर्षभर बच्चों की खेलकूद गतिविधियां चलती रहती हैं। वहीं समय-समय पर सामाजिक, सांस्कृतिक, सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रम होते रहते हैं।
इसलिए वाणिज्यिक आयोजनों के लिए मैदान का उपयोग सही नहीं है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि यह मैदान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित है। मेले और प्रदर्शनी के दौरान भारी भीड़ और जाम की स्थिति भी पैदा हो सकती है। जिससे कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है।