लाइव पलामू न्यूज : बोकारो से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां झारखंड पुलिस ने पटना पुलिस की टीम को हिरासत में लिया है। दरअसल, रविवार को पटना के गर्दनीबाग थाना की पुलिस एक अपहृत लड़की की तलाश में बोकारो पहुंची थी। जांच के दौरान पुलिस से गोली चल गयी और एक युवक को लग गयी।

जिसके बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये। जिसके बाद झारखंड पुलिस को बिहार से आये पुलिस वालों को कोडरमा से हिरासत में लेना पड़ा। पकड़े गए पुलिसकर्मियों में ट्रेनी सब इंस्पेक्टर राजू कुमार, महिला सिपाही रंजना कुमारी और एसएसपी सेल के कर्मी अवनीश शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि पटना गर्दनीबाग पुलिस की टीम प्राइवेट गाड़ी से एक अपहृत लड़की की तलाश में बोकारो के सेक्टर-4 पहुंची थी। इस दौरान पुलिस ने लक्ष्मी मार्केट के पास फल बेचने वाले विवेक कुमार को लड़की की फोटो दिखाकर पूछताछ की।

लेकिन उसने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। जिसके बाद पूछताछ के दौरान कथित रुप से पुलिस से गोली चल गयी, जो विवेक के कंधे में जाकर लगी। उसके बाद यही गोली छिटककर लड़की के भाई को भी लगी.
गोली चलने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये। जिसके बाद मजबूरन पुलिस को वहां से भागना पड़ा। जिसके बाद झारखंड पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोडरमा से बिहार पुलिस की टीम समेत आठ लोगों को हिरासत में लिया।