सतबरवा (पलामू): मंगलवार को भाजपा की प्रखंड इकाई ने आक्रोश प्रदर्शन कर सीओ सह बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। जिसमें प्रमुख रूप से पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम,भाजयुमो जिला अध्यक्ष ज्योति पाण्डेय और पूर्व जिलाध्यक्ष परशुराम ओझा ने भाग लिया। पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम ने बताया कि हेमंत सरकार की जनविरोधी नीतियों, व्याप्त भ्रष्टाचार, ध्वस्त कानून व्यवस्था, बिजली-पानी की बदहाल स्थिति, अवैध बालू-पत्थर-कोयला के बढ़ते कारोबार और बेरोजगारी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी सतबरवा मंडल द्वारा आज प्रखंड स्तरीय आक्रोश प्रदर्शन किया गया।


प्रदर्शन की शुरुआत काली मंदिर मेलाटांड़ से एक रैली के रूप में हुई, जो प्रखंड सह अंचल कार्यालय तक पहुंची। रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और राज्य सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताया। प्रखंड कार्यालय पहुंचने के बाद बीडीओ सह सीओ कृष्णमुरारी तिर्की को भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें क्षेत्र की जनता को हो रही समस्याओं को प्रमुखता से रखा गया।

इस आक्रोश प्रदर्शन में उक्त नेताओं के साथ साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय शर्मा,विधायक प्रतिनिधि राणा प्रताप कुशवाहा,महामंत्री चंचल यादव,आशीष सिन्हा,सोनू सिकंदर,महेश्वर सिंह,संदीप कुमार,अनुज चंद्रवंशी,अजीत सोनी,दिनेश साव,सुधीर साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ज्ञापन में अपराध मुक्त थाना क्षेत्र की व्यवस्था, धान क्रय केंद्रों में किसानों को समय पर भुगतान, राशन वितरण में पारदर्शिता, जाति-निवास-आय प्रमाण पत्र बिना दलाली के उपलब्ध कराना, सरकारी योजनाओं का लाभ ज़रूरतमंदों तक पहुंचाना, अस्पतालों में डॉक्टर, दवा और इलाज की पर्याप्त व्यवस्था, विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती, बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की सुनिश्चितता, अवैध खनन पर कठोर कार्रवाई, कार्यालयों में दलाल-मुक्त प्रशासनिक प्रक्रिया, बिजली-पानी की नियमित आपूर्ति, ग्रामीण क्षेत्रों में पेंशन, आवास, राशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की समय पर आपूर्ति की मांग शामिल हैं।

 

भाजपा ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि इन जनमुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी और व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *