मेदिनीनगर : पलामू जिले के विभिन्न प्रखंडों में एस.आई.एस (SIS) द्वारा सुरक्षा कर्मियों की भर्ती कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला नियोजन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि केन्द्रीय प्रशिक्षण केन्द्र, अनुशासनपुर बेलचम्पा, गढ़वा के कमांडेंट द्वारा प्राप्त सूचना के अनुसार प्रखंडों में आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।


भर्ती कैंप 19 अक्टूबर 2025 से 16 नवंबर 2025 एवं 1 दिसंबर 2025 से 26 दिसंबर 2025 तक प्रखंडवार आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि कैंप को सफल बनाने हेतु संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक सहयोग प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भर्ती शिविर में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों का झारखण्ड राज्य के किसी भी नियोजनालय में निबंधित होना अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का निबंधन नहीं हुआ है, वे jharniyojan.jharkhand.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

ऐसे अभ्यर्थी जो ऑनलाइन निबंधन नहीं करा पाए हैं, वे शिविर में दो प्रतियों में अपना बायोडाटा जमा कर भाग ले सकते हैं। शिविर के उपरांत उनके बायोडाटा जिला नियोजन कार्यालय, पलामू को भेजे जाएंगे, ताकि उन्हें नियोजनालय में पंजीकृत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *