रांची : सीसीएल के अरगड्डा कोलियरी में कोयला व्यापारियों से अवैध वसूली के आरोप में कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनमें सीसीएल के तीन कर्मचारी और एक बाहरी व्यक्ति शामिल है। जांच में यह पाया गया कि कोलियरी में प्रति ट्रक 1800 रुपये की दर से वसूली की जाती है।

सीबीआई द्वारा गिरफ्तार लोगों में अयोध्या करमाली, मुकेश कुमार, प्रकाश महली और विजय कुमार सिंह का नाम शामिल है। अयोध्या करमाली सीसीएल के गिद्दी-ए कोलियरी प्रोजेक्ट ऑफिस में मैनेजर है।अयोध्या करमाली की अवैध कमाई प्रति माह 10 लाख रुपये है।
मुकेश कुमार सीसीएल के गिद्दी-ए कोलियरी में क्लर्क के रूप में कार्यरत है। प्रकाश महली भी गिद्दी-ए कोलियरी का कर्मचारी है। विजय कुमार बाहरी व्यक्ति है जो कि कोल लिफ्टर है। उसके मोबाइल की जांच के दौरान मुकेश कुमार के माध्यम से अयोध्या करमाली को 2.03 लाख रुपये का भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है। इसके अलावा दूसरे कोल लिफ्टरों को मोबाइल से प्रकाश महली को 4.98 लाख रुपये के अवैध भुगतान का ब्योरा मिला है। गौरतलब है कि सीबीआई ने सीसीएल कोलियरी में कोयले के उठाव के दौरान अवैध वसूली की शिकायत पर छह मार्च 2025 को सीसीएल के गिद्दी कोलियरी में सीसीएल निगरानी के साथ संयुक्त रूप से जांच की थी। इस दौरान प्रति ट्रक अवैध वसूली के सबूत मिले थें। जिसके बाद 5 जून को सीबीआई ने कोलियरी में अवैध वसूली के मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की। जिसमें सीसीएल के तीन लोगों को नामजद अभियुक बनाया गया था। अभियुक्त बनाये गये सीसीएल के तीनों कर्मचारियों ने जांच में सहयोग नहीं किया। इस कारण उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।