पलामूः कुख्यात अपराधी हरि तिवारी पर क्राइम कंट्रोल एक्ट (CCA) लगाया गया है। जिसके बाद हरि तिवारी एक वर्ष तक जेल से बाहर नहीं निकल पाएगा। बता दें कि हरि तिवारी पर झारखंड के विभिन्न इलाकों में 34 से अधिक आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। पलामू पुलिस ने हरि तिवारी के खिलाफ सीसीए का प्रस्ताव तैयार किया था जिसे पलामू जिला प्रशासन ने मंजूर कर लिया है।

इस संबंध में एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि अपराधी हरि तिवारी पर सीसीए लगाया गया है। अप्रैल महीने में पलामू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर हरि तिवारी को गिरफ्तार किया था। हरि तिवारी पर कुख्यात दो गैंग्स सुजीत सिन्हा और अमन साहू के लिए काम करने का आरोप है।

उल्लेखनीय है कि अपराधी हरि तिवारी मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के बारालोटा के इलाके के निवासी है। 13 जनवरी को पलामू के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र से पुलिस ने छापेमारी कर सुजीत सिन्हा एवं अमन साहू गिरोह से जुड़े हुए छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद पुलिस को हरि तिवारी के बारे में कई जानकारी मिली थी।

गिरफ्तारी के दौरान यह बात भी सामने आई थी कि हरि तिवारी लगातार अपना ठिकाना और पहचान बदलकर रह रहा था। इतना ही नहीं पहचान बदलने के लिए हरि तिवारी ने अपना एक फर्जी आधार कार्ड भी तैयार किया था। इस मामले में पुलिस ने अलग से एफआईआर भी दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *