मेदिनीनगर : रविवार को जिले के चैनपुर प्रखंड के चकहरभों में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालिका का विवाह रुकवा दिया।

क्या है मामला :
दरअसल, 8 मार्च को चकहरभों निवासी विरेंद्र कुमार चौरसिया की 15 वर्षीय पुत्री नेहा का विवाह कराने की तैयारी चल रही थी। मामले की सूचना पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान के नेतृत्व में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी चैनपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी चैनपुर और चैनपुर थाना की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का निरीक्षण किया।
टीम ने परिवार को बाल विवाह के दुष्परिणाम और कानून के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिसके बाद उन्हें बालिका का विवाह केवल विधि अनुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर करने का आश्वासन देना पड़ा।
इस कार्रवाई में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी चैनपुर, चैनपुर थाना प्रभारी और महिला पर्यवेक्षिका निर्मला कुमारी ने अहम भूमिका निभाई।