मेदिनीनगर : जिले के पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका इलाके में गोलगप्पा खाकर 25 से भी अधिक बच्चे बीमार हो गए हैं। सभी बच्चों का इलाज ग्रामीण स्तर पर ही किया जा रहा है। इवर सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। जबकि एंबुलेंस भी भेजा गया है। सभी बच्चों को उल्टी दस्त और डिहाइड्रेशन की शिकायत है।


बताया जा रहा है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पांकी थाना क्षेत्र के द्वारिका के रघुआखाड़ में मेला लगा था। जहां द्वारिक, यादव टोला, जमुआटांड़ समेत कई अन्य गांव के बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। जिसके बाद रविवार की रात से एक-एक करके बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।

सोमवार की सुबह कई बच्चों की तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। घटना की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम हरकत में आई। पांकी के चिकित्सा प्रभारी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि कई बच्चों के बीमार होने की जानकारी मिली है। गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं एंबुलेंस को भेजा गया है। साथ ही इस मामले में जांच भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *