लातेहार : बुधवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 के तहत समाहरणालय परिसर में उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद समेत जिले के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा श्रमदान देकर समाहरणालय परिसर की साफ–सफाई की गई।

मौके पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आज जिले के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी विभिन्न स्थानों पर श्रमदान कर रहे हैं। जिसका मुख्य उद्देश्य अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना है। उन्होंने आमजनों से भी स्वच्छता के प्रति श्रमदान करने की अपील की ताकि जिले के वातावरण को दूषित होने से बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि अपने घर एवं आस-पड़ोस की साफ-सफाई करना हम सभी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है। अपने घर एवं आसपड़ोस को साफ – स्वच्छ रख कर हम कई तरह की बीमारियों से बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन की टीम ठोस कचरा प्रबंधन के लिए अभियान चला रही है। परंतु यह अभियान तभी सफल हो सकता है जब हम अपने घर में जैविक कचरा एवं प्लास्टिक को अलग-अलग डस्टबिन में रखें ।
ऐसा कर हम जैविक कचरा एवं प्लास्टिक कचरे को मिक्स होने से रोक सकते हैं। जैविक कचरा एवं प्लास्टिक कचरा को अलग-अलग जमा करने से जैविक कचरा से कम्पोस्ट बनाने और प्लास्टिक कचरे को रिसाइकिल करने में मदद मिलेगी।
इस दौरान आईटीडीए निदेशक श्री प्रवीण कुमार गगराई ने सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों को “स्वच्छता ही सेवा अभियान” के तहत अपने आस-पास साफ-सफाई रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग ना करने तथा स्वच्छता के प्रति अन्य लोगो को भी प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान आईटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक, सिविल सर्जन डॉ राज मोहन खलखो, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, डीआरडीए निदेशक प्रभात रंजन चौधरी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल दीपक महतो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अल्का हेंब्रम, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला शिक्षा अधीक्षक गौतम कुमार साहू, जिला योजना पदाधिकारी समीर कुल्लू, अन्य पदाधिकारी एवं समाहरणालय के कर्मी शामिल थे।