हजारीबाग : कोल माफिया द्वारा अवैध कोयला लोड ट्रक पकड़ने पर वन कर्मियों पर फायरिंग की घटना सामने आई है। फायरिंग करने का आरोप कोयला माफिया डब्बू सिंह उर्फ गंगासागर सिंह पर लगा है। मंगलवार को हजारीबाग जिले के उरीमारी थाना में हजारीबाग पश्चिमी वन प्रमंडल बड़कागांव प्रक्षेत्र के उप वन परिसर पदाधिकारी ने मामला दर्ज कराया है।

अवैध खनन की सूचना पर गश्ती के लिए पहुंचे पदाधिकार
जिसके अनुसार सोमवार की रात लुरंगा सुरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कोयला खनन कर ट्रकों से भेजने की सूचना पर वह साथी वनकर्मियों के साथ रात के लगभग 8:30 बजे गश्ती के लिए लुरंगा वन पहुंचे। लुरंगा चौक के समीप एक कोयला लदा ट्रक दिखा जिसे वन कर्मियों ने रुकने का इशारा किया।
वाहन छोड़ चालक हुआ फरार
लेकिन चालक ट्रक को तेज गति से आगे ले गया और कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद वन कर्मियों ने इसकी सूचना वरीय अधिकारी को दी। कुछ ही देर बाद एक कार में सवार पांच व्यक्ति लोहे की रॉड और लाठियों के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने वनकर्मियों के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
कोयला माफिया डब्बू सिंह सहयोगियों के साथ पहुंचा
जिसके बाद इस क्षेत्र में कार्यरत कोयला माफिया गंगासागर सिंह उर्फ डब्बू सिंह, महेंद्र प्रसाद अपने सहयोगियों के साथ स्कॉर्पियो, थार और 10-12 बाइक पर सवार लगभग 35-40 हथियारबंद व्यक्तियों के साथ वहां पहुंचा। डब्बू सिंह ने बंदूक लहराते हुए कहा कि मेरी गाड़ी को रोकने की किसकी हिम्मत हुई ? उसे जान से मार देंगे।
बोलेरो में लगी गोलियां
बड़कागांव रेंज के सभी स्टाफ को एक एक कर मारेंगे। स्थिति तनावपूर्ण और जानलेवा होता देख सरकारी गाड़ी में बैठकर वनकर्मी जान बचाकर भागे। इसी दौरान डब्बू सिंह ने पीछे से चार-पांच राउंड फायरिंग की, जिनमें से दो गोलियां वनकर्मी के सरकारी बोलेरो के पिछले हिस्से में लगीं।