COFEE WITH SDM : राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को ‘कॉफ़ी विद एसडीएम’ कार्यक्रम के तहत एसडीएम ने गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों के पंचायती राज प्रतिनिधियों से अनौपचारिक संवाद किया। इस एक घंटे के संवाद कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख, मुखिया, बीडीसी सदस्य सहित कई प्रतिनिधियों ने भाग लिया और क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा की।

पेयजल संकट सबसे गंभीर :-
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने पेयजल संकट को सबसे गंभीर समस्या बताया। उनका कहना था कि कई पंचायतों में जल मीनारें निष्क्रिय पड़ी हैं, तो कहीं डीप बोरिंग के बावजूद जल आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
एसडीएम ने ऐसी जल मीनारों की सूची देने को कहा और जांच तथा कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं मझिआंव प्रखंड प्रमुख आरती दुबे ने प्रखंड अधिकारियों के उपेक्षापूर्ण व्यवहार की शिकायत की।

विधि व्यवस्था में सहयोग की अपील :-
मेराल प्रमुख दीपमाला ने अधिकारियों की अनुपस्थिति और सूचना न देने की आदत पर सवाल उठाया। जिस पर एसडीएम ने जांच और सुधारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। कोरवाडीह पंचायत के मुखिया शरीफ अंसारी ने गांवों में फैले अंधविश्वास, नशाखोरी और झगड़ों जैसी सामाजिक कुरीतियों को दूर करने की अपील की। एसडीएम ने सभी से विधि-व्यवस्था में सहयोग की अपेक्षा जताई।
प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर करेंगे कार्य तभी बनेगा ‘सुंदर और समृद्ध गढ़वा’
प्रतिनिधियों ने आवास योजना, राशन वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षा व्यवस्था की खामियों पर एसडीएम का ध्यानाकर्षण कराया। अंत में एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि “सुंदर गढ़वा और समृद्ध गढ़वा” की परिकल्पना तभी साकार हो पाएगी जब प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करें।