दुकानदारों ने “आइये खुशियां बांटें” अभियान में ने स्वैच्छिक सहभागिता की पेशकश की
गढ़वा : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत इस बुधवार सदर एसडीएम के नियमित साप्ताहिक कॉफी संवाद कार्यक्रम ‘कॉफी विद एसडीएम’ में अनुमंडल क्षेत्र के फुटवियर (जूता–चप्पल व्यवसाय से जुड़े) डीलरों, उद्यमियों तथा दुकानदारों के साथ संवाद किया गया।

कार्यक्रम में व्यवसायियों ने स्थानीय बाजारों में दुकान संचालन, फुटपाथ अतिक्रमण, भीड़–भाड़ वाले क्षेत्रों में आने वाली चुनौतियों तथा व्यापारिक गतिविधियों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं को एसडीएम के सामने रखा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित करना, सुरक्षित एवं स्वच्छ बाज़ार वातावरण विकसित करना तथा संवाद के माध्यम से साझा समाधान निकालना है। कार्यक्रम के दौरान व्यापारी हित, लाइसेंसिंग, पार्किंग, सफाई व्यवस्था, सुरक्षा तथा फुटपाथ प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
“आइये खुशियां बांटें” में भागीदारी की पेशकश की :
बैठक में पहुंचे ट्रेडर्स ने सामाजिक प्रशासनिक समन्वय से चल रही संवेदनशील पहल “आइये खुशियां बांटें” की प्रशंसा करते हुए इस अभियान में अपनी भागीदारी की पेशकश की। व्यवसायियों ने कहा कि वे लोग भी इस मुहिम के तहत जरूरतमंदों तक जूता और चप्पल आदि पहुंचाना चाहते हैं।
जिस पर एसडीएम ने सभी व्यापारियों, होलसेलरों एवं ट्रेड प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी सहभागिता से न केवल सामाजिक संवेदनशीलता का माहौल बनता है बल्कि प्रशासनिक–सामाजिक समन्वय भी मजबूत होता है।