गढ़वा : बुधवार को गढ़वा सदर एसडीएम संजय कुमार ने अपने साप्ताहिक कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” में गढ़वा नगर परिषद एवं मझिआंव नगर पंचायत के नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक संवाद किया। इस दौरान स्थानीय समस्याओं एवं विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विमर्श किया।
è
बैठक में मझिआंव नगर पंचायत की अध्यक्ष सुमित्रा देवी, उपाध्यक्ष सुमन विश्वकर्मा तथा गढ़वा नगर परिषद की उपाध्यक्ष अनीता प्रसाद सहित दोनों निकायों के तमाम वार्ड पार्षद उपस्थित रहे।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। साथ ही, दोनों नगर क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की आवश्यकता पर बल दिया। एसडीएम ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सर्वप्रथम अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी तथा सभी से क्रमवार परिचय प्राप्त करते हुए सभी प्रतिनिधियों ने एक-एक कर अपने-अपने विचार प्रस्तुत किए।
मझिआंव नगर पंचायत की अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष ने हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के लिए एसडीएम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण और जाम प्रमुख समस्याएं हैं, जिनके समाधान हेतु वे स्वयं भी बोर्ड बैठक में नीतिगत पहल करेंगे।
गढ़वा नगर परिषद की उपाध्यक्ष अनीता प्रसाद ने शहर की यातायात व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए अनुरोध किया कि अनुमंडल स्तर से उच्च स्तर तक प्रस्ताव भेजकर शहर में ट्रैफिक पुलिस की पदस्थापना सुनिश्चित कराई जाए।
वहीं गढ़वा वार्ड 9 के पार्षद बंधु राम ने टाउन हॉल मैदान में अव्यवस्थित वाहन पड़ाव पर स्थायी रोक लगाने की मांग की। इस पर सभी पार्षदों ने एक मत से उनका समर्थन किया।
वार्ड संख्या 14 की पार्षद रश्मि सिन्हा ने “कॉफी विद एसडीएम” कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे गढ़वा जिले का अत्यंत लोकप्रिय संवाद मंच बताया।
उन्होंने अपने वार्ड में अवैध शराब बिक्री एवं नशाखोरी के विरुद्ध अभियान चलाने का अनुरोध किया। साथ ही, उन्होंने शहर में अव्यवस्थित आवागमन, सहिजना मोड़ पर रोड की जर्जर स्थिति तथा आगामी रामनवमी पर्व के मद्देनजर जुलूस के दौरान संभावित कठिनाइयों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।
वार्ड संख्या 20 की पार्षद सविता देवी ने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में केवल कचरे का स्थानांतरण किया जा रहा है, न कि उसका समुचित निस्तारण। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा प्लांट निर्माण में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध प्रशासनिक स्तर पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वार्ड संख्या 1 की पार्षद गजाला सिद्दीकी ने अपने क्षेत्र के दोनों बीएलओ पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कार्य नहीं करने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई का अनुरोध किया।
वार्ड संख्या 13 के पार्षद उमेश मेहता ने कहा कि इस बार नगर परिषद में एक सशक्त एवं समर्पित टीम का चयन हुआ है, जो मिलकर गढ़वा के समग्र विकास के लिए कार्य करेगी। वार्ड 11 की पार्षद सत्यवती देवी ने उनके क्षेत्र में पुलिस गश्ती का अनुरोध किया।
वार्ड संख्या 19 के पार्षद उदय कुशवाहा ने दानरो नदी से हो रहे बालू के अवैध उठाव पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों एवं कर्मियों की मिलीभगत से यह कार्य हो रहा है, उनके विरुद्ध भी एसडीएम स्तर से कार्रवाई की अनुशंसा की जानी चाहिए।
इसके अतिरिक्त, अन्य कई जनप्रतिनिधियों ने भी समसामयिक मुद्दों को अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष रखा, जिस पर सभी विषयों पर यथासंभव आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक में उपर्युक्त जनप्रतिनिधियों के अतिरिक्त पूर्व पार्षद जितेंद्र सिन्हा, घनश्याम प्रसाद, पवन कुमार, अखिलेश तिवारी एवं मोहम्मद रोशन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रही।