लाइव पलामू न्यूज : झारखंड के मौसम में एक बार फिर से बदलाव की संभावना है। हाल ही में जहां प्रदेश का पारा लगातार चढ़ रहा था और अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया था, वहीं अब मौसम में अचानक गिरावट आने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 5-6 डिग्री की कमी आ सकती है। इस बदलाव के कारण झारखंडवासियों को फिर से ठंड का अहसास होगा।

मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर पूरी तरह से समाप्त हो चुका है, लेकिन हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी जारी है। इसके कारण झारखंड की हवा में ठंडक का आना तय है। ऐसे में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। इससे सर्दी की एक नई लहर का आगमन हो सकता है।
बात करें बीते 24 घंटों की तो झारखंड के विभिन्न जिलों में तापमान में खासा बदलाव देखा गया। जहां एक ओर सरायकेला-खरसावां में 36.7 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, वहीं दूसरी ओर चतरा में सबसे कम तापमान 11.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो कि काफी ठंडा था। चतरा के इस तापमान ने ठंड की आहट महसूस करवा दिया।
पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रह सकता है।
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने की संभावना है।
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री हो सकता है।
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहने की संभावना है।