मेदिनीनगर : राज्य के पलामू समेत कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है। जिले में लगातार दूसरे दिन हाड़ कंपाने वाली ठंड का असर रहा। इसका सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, राहगीरों और मजदूरों पर पड़ा रहा है। ठंड के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। शीतलहर और ठंड से राहत के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

वहीं घने कुहासे और शीतलहर के कारण जनजीवन पर भी खासा प्रभाव देखने को मिला। मौसम विभाग ने आज मंगलवार को पलामू में पूरे दिन कुहासा रहने और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, इस सर्दी के मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान 30 दिसंबर को 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस दिन न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट हुई। हालांकि इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं ठंड के मद्देनजर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने 8 जनवरी तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया, जिससे स्कूली बच्चों को राहत मिली। विभाग के निर्देशानुसार, निजी एवं सरकारी विद्यालयों में बच्चों का पठन-पाठन पूरी तरह बंद रहेगा। हालांकि सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्य करने का आदेश जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *