Naxli

LIVE PALAMU NEWS DESK : रविवार की सुबह पश्चिमी सिंहभूम जिले के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारंडा के मारंगपोंगा जंक्शन स्थित घने जंगल में जारी सर्च अभियान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, सर्च ऑपरेशन के समय नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट अजय मलिक गंभीर रूप से घायल हो गए।

विस्फोट के तुरंत बाद जवानों ने मोर्चा संभालते हुए इलाके को घेर लिया और घायल अधिकारी को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल सहायक कमांडेंट को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया है।

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 6 बजे सुरक्षा बलों की टीम माओवादियों के खिलाफ सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान मरंगपोंगा क्षेत्र में लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा।

अधिकारियों के मुताबिक कमांडेंट की स्थिति गंभीर लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। इस बाबत पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने बताया कि सारंडा क्षेत्र में माओवादियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की मंशा से आईईडी लगाए गए थे। एक अधिकारी इसके शिकार हुए हैं, लेकिन अभियान रुका नहीं है। इलाके में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *