मेदिनीनगर : शुक्रवार को प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने चैनपुर स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति पंजी, मध्याह्न भोजन एवं अन्य अभिलेखों की गहन जांच की। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर गड़बड़ियां सामने आईं, जिसपर आयुक्त ने प्राचार्य एवं शिक्षकों के प्रति कड़ी नाराजगी जताते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया।


निरीक्षण के क्रम में आयुक्त ने विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं का अवलोकन किया। इस दौरान कुछ शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। आयुक्त ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से कई प्रश्न पूछे , परंतु छात्राएं संतोषजनक उत्तर नहीं दे पायीं। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि शिक्षकों की पहली जिम्मेदारी विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी की जांच की जिसमें कई विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति कम पाई गई, जबकि पंजी में अधिक दर्ज थी। इतना ही नहीं, 14 मार्च की तिथि के सामने कई छात्राओं के नाम पर पहले से ही अनुपस्थित दर्शाते हुए क्रॉस लगा दिया गया था। जिसे आयुक्त ने गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता संबंधित सख्त निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *