गढ़वा : बुधवार को एसडीएम संजय कुमार के साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम ‘कॉफी विद एसडीएम’ के तहत गढ़वा के सर्राफा व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिसमें 30 से अधिक आभूषण व्यवसायियों ने भाग लिया और शहर के सर्राफा बाजार से जुड़ी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

संवाद के दौरान व्यवसायियों ने बताया कि सोना-चांदी की कीमतों में वृद्धि के कारण चोरी-डकैती की आशंका बढ़ गई है। हाल में हुई विशुनपुरा की घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बाजार क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की मांग की।

व्यवसायियों ने बाजार में एटीएम सुविधा, नियमित साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालय और चौक-चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई। इस मौके पर एसडीएम को लिखित मांग-पत्र सौंपते हुए दोपहिया वाहनों से नियमित पुलिस गश्ती, हथियार अनुज्ञप्ति में प्राथमिकता, बाजार क्षेत्र से मांस-मछली की दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर सतत निगरानी जैसी मांगें रखीं।

कई सर्राफा व्यापारियों ने बताया कि अक्सर नकाब या हेलमेट पहने संदिग्ध लोग दुकानों के आसपास घूमते हैं और पूछताछ करने पर झगड़ा करने लगते हैं। इस पर एसडीएम ने ऐसे मामलों में तत्काल 112 नंबर पर सूचना देने की सलाह दी।

एसडीएम संजय कुमार ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *