लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर: विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है। ताकि नशे के कारोबार पर नकेल लग सके। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोड़ गांव में शिव मंदिर के पीछे से दो युवकों को 20 ग्राम हेरोइन, नकदी और चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान जोड़ निवासी प्रशांत पांडे (28वर्ष) और विशाल कुमार चंद्रवंशी (21वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक गढ़वा से हेरोइन लाकर डालटनगंज और आसपास के क्षेत्र में बेचते थे। बरामद हेरोइन की बाजार कीमत 4 लाख रुपये है।

इस संबंध में सदर थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि 30 अक्टूबर को एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि जोड़ गांव में शिव मंदिर के पीछे कुछ लोगों के द्वारा हेरोइन की खरीद-बिक्री की जाती है। जिसके बाद अंचल अधिकारी अमरदीप सिंह बल्होत्रा के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी। टीम ने शिव मंदिर के पीछे कार्रवाई कर प्रशांत पांडे को पकड़ा। जिसके पास से ब्राउन सुगर-हीरोइन 20 ग्राम और 10,400 नकदी, एक मोबाइल फोन और एक अपाची मोटरसाइकिल बरामद की।

वहीं प्रशांत की निशानदेही पर उसके सहयोगी विशाल कुमार चंद्रवंशी को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे गढ़वा से हीरोइन खरीद कर लाते हैं और डालटनगंज के आसपास के क्षेत्र में बेचते हैं। वहीं मोटरसाइकिल डालटनगंज शहर से चोरी की थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *