CRIME NEWS : कभी कभी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं जो अंतर्मन को झकझोर देती हैं और सोचने पर मजबूर कर देती हैं कि आखिर किस ओर हमारा समाज चल पड़ा है। लोगों को कानून, समाज या अन्य किसी भी चीजों का भय नहीं रह गया है। ताजा मामला है लातेहार जिला के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशपुर गांव का। जहां एक व्यक्ति ने विवाद में अपनी पत्नी और बच्चे की धारदार हथियार से मारकर हत्या कर दी।

घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। घटना की पुष्टि एसडीपीओ भरत राम ने की। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से यही लग रहा है कि पति ने ही पत्नी और बच्चे की हत्या की है। हालांकि जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
क्या है मामला :
दरअसल, गणेशपुर निवासी मोहनलाल उरांव का अक्सर अपनी पत्नी मुन्नी देवी से झगड़ा होता था। कई बार तो नौबत मारपीट तक पहुंच गई थी। इसी क्रम में गुरुवार की रात भी पैसे को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
जब शुक्रवार को काफी देर तक मोहनलाल के घर में कोई चहलकदमी दिखाई नहीं दी तो ग्रामीणों को संदेह हुआ। उन्होंने देखा तो घर का दरवाजा खुला हुआ था। लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा तो पाया कि मुन्नी देवी और उनका 3 वर्षीय पुत्र जमीन पर मृत पड़े हुए हैं। तत्काल इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
इधर, ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा हुआ करता था। गुरुवार की रात भी दोनों में मारपीट हुई थी। घटना के बाद आरोपी पति मोहनलाल उरांव घर से फरार है। पुलिस ने मृतक महिला और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।