पलामू: गुरुवार की सुबह जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदू मोहल्ला गैस गोदाम रोड में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद (45) एवं अजीत कुमार गुप्ता (52) को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि पूर्व मुखिया नवीन प्रसाद अपने क्षेत्र में कंबल वितरण को लेकर स्थानीय लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अपराधी मौके पर पहुंचे और नवीन प्रसाद को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए नवीन प्रसाद पास की एक दुकान में घुस गए, लेकिन अपराधियों ने दुकान में घुसकर भी गोलीबारी जारी रखी। इस दौरान दुकानदार अजीत कुमार गुप्ता को हाथ में गोली लग गई, जबकि नवीन प्रसाद को सीने में गोली लगी है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया। फिलहाल अजीत कुमार गुप्ता की हालत में सुधार है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं, जबकि नवीन प्रसाद की हालत गंभीर बनी हुई है। बेहतर इलाज के लिए नवीन प्रसाद को रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया है।

बताया जाता है कि नवीन प्रसाद की पत्नी पूर्व में नगर निगम से वार्ड पार्षद रह चुकी हैं। घटना की सूचना पर डीएसपी राजीव रंजन एवं टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

 फायरिंग की घटना में दो लोगों को गोली लगी है और पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। वहीं, टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने कहा कि अपराधियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

डीएसपी राजीव रंजन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *