लाइव पलामू न्यूज : अपराधियों ने अपने दुस्साहस का परिचय देते हुए शनिवार को हजारीबाग के NTPC के डीजीएम रैंक के अधिकारी कुमार गौरव को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के फतहा के पास सुबह करीब 9.30 बजे घटित हुई। घटना के संबंध में हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि घटना के बाद अपराधियों की धड़-पकड़ के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरे का रिकॉर्ड जब्त कर चुकी है। बता दें कि कुमार गौरव एनटीपीसी के केरेडारी स्थित कार्यालय में कार्यरत थे। शनिवार की सुबह जब वह कार्यालय जा रहे थें अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। जिसमें उनकी पीठ में गोली लगी।
जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताते चलें कि जिस इलाके में घटना हुई है वहां करीब दो साल पहले रीत्विक कंपनी के जीएम को भी अपराधियों ने गोली मार दी थी।