लाइव पलामू न्यूज/मेदिनीनगर : जिले से बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। जहां अपराधियों ने मनातू थाना क्षेत्र के बांसी खुर्द में एक युवक को गोली मार दी। घायल की पहचान जावेद खान के रूप में हुई है। जावेद के पेट में दाहिनी तरफ गोली लगी है। उसे इलाज के लिए मनातू के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर मनातू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। इस संबंध में मनातू थाना प्रभारी निर्मल उरांव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गोलीबारी की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। जिस इलाके में यह घटना हुई, वह जंगल से सटा हुआ है।
बताया जा रहा है कि जावेद अपने भाई तौहीद के घर गया था। वहां से वापस अपने घर से लौटते वक्त पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने जावेद को गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और जावेद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।